११. अधिकार या कर्तव्य ?
मैं आज उस बहुत बड़ी बुराई की चर्चा करना चाहता हूं, जिसने समाज को मुसीबत में डाल रखा है। एक तरफ पूंजीपति और ज़मींदार अपने हकों की बात करते हैं, दूसरी तरफ मजदूर अपने हकों की । राजा-महराजा कहते हैं कि हमें शासन करने का दैवी अधिकार मिला हुआ हैं, तो दूसरी तरफ उनकी रैयत कहती है कि उसे राजाओं के इस हक का विरोध करने का अधिकार हैं। अगर सब लोग सिर्फ अपने हकों पर ही जोर दे और फर्जो को भूल जाये, तो चारों तरफ गड़बडी़ और अंधाधुंधी मच जाये।
अगर हम आदमी हको पर जोर देने के बजाय अपना फर्ज अदा करें, तो मनुष्य-जाति में जल्दी ही व्यवस्था और अमन का राज्य कायम हो जाये । राजाओं के राज करने के दैवी अधिकार जैसी या रैयत के इज्जत से अपने मालिकों का हुक्म मानने के नम्र कर्तव्य जैसी कोई चीज नहीं है। यह सच है कि राजा और रैयत के पैदाइशी भेद मिटने ही चाहिये, क्योंकि वे समाज के हित को नुकसान पहुंचाते है। लेकिन यह भी सच है कि अभी तक कुचले और दबाकर रखें गये लाखों-करोड़ों लोगों के हकों का ढिठाई-भरा दावा भी समाज के हित को ज्यादा नहीं तो उतना ही नुकसान जरूर पहुंचाता है। उनके इस दावे से दैवी अधिकारों या दूसरे हकों की दुहाई देने वाले राजा-महराजा या जमींदारों वगैरा के बनिस्बत करोड़ों लोगों को ही ज्यादा नुकसान पहुंचेगा। ये मुट्ठीभर जमींदार, राजा-महराजा, या पूंजीपति बहादूरी या बुजदिली से मर सकते हैं, लेकिन उनके मरने से ही सारे समाज का जीवन व्यवस्थति, सुखी और सन्तुष्ट नहीं बन सकता । इसलिए यह जरूरी है कि हम हकों और फर्जो का आपसी सम्बन्ध समझ लें । मैं यह कहने की हिम्मत करूंगा कि जो हक पूरी तरह अदा किये गये फर्ज ये नहीं मिलते, वे प्राप्त करने और रखने लायक नहीं है । वे दूसरों से छीने गये हक होंगे । उन्हें जल्दी-से-जल्दी छोड़ देने में ही भला है । जो अभागे मां-बाप के प्रति अपना फर्ज अदा किये बिना उनसे अपना हुक्म मनवाने का दावा करते हैं, वे बच्चों की नफरत को ही भड़कायेगें । जो बदचलन पति अपनी वफादार पत्नि से हर बात मनवाने की आशा करता है, वह धर्म के वचन को गलत समझता है; उसका एकतरफा अर्थ करता है । लेकिन जो बच्चे हमेशा फर्ज अदा करने के लिए तैयार रहने वाले मां-बात को जलील करते हैं, वे कृतघ्न समझे जायेंगे और मां-बाप के मुकाबले खुद का ज्यादा नुकसान करेंगे । यही बात पति और पत्नि के बारे में भी कहीं जा सकती है । अगर यह सादा और सब पर लागू होने वाला कायदा मालिकों और मजदूरों, जमींदारों और किसानों, राजाओं और रैयत, या हिन्दु और मुसलमानों पर लगाया जाय, तो हम देखेंगे कि जीवन के हर क्षेत्र में अच्छे-से-अच्छा सम्बन्ध कायम किये जा सकते हैं। और ऐसा करने से न तो हिन्दूस्तान या दुनिया के दूसरे हिस्सों की तरह सामाजिक जीवन या व्यापार में किसी तरह की रूकावट आयेगी और न गड़बड़ी पैदा होगी । मैं जिसे सत्याग्रह कहता हूं वह नियम अपने-अपने फर्जों और उनके पालन से अपने-आप प्रकट होने वाले हकों के सिद्धांतों को बराबर समझ लेने का नतीजा है ।
एक हिन्दू का अपने मुसलमान पड़ोसी के प्रति क्या फर्ज होना चाहिये ? उसे चाहिये कि वह एक मनुष्य के नाते उससे दोस्ती करे और उसके सुख दु:ख में हाथ बंटाकर मुसीबत में उसकी मदद करें । तब उसे अपने मुसलमान पड़ोसी से ऐसे ही बरताव की आशा रखने का हक प्राप्त होगा । और शायद मुसलमान भी उसके साथ वैसा ही बरताव करे जिसकी उसे उम्मीद हो । मान लीजिये कि किसी गांव में हिन्दुओं की तादाद बहुत ज्यादा है और मुसलमान वहां इने-गिने ही हैं, तो उस ज्यादा तादाद वाली जाति की अपने थोड़े से मुसलमान पड़ोसियों की तरफ की जिम्मेदारी कई गुना बढ़ जाती है । यहां तक कि उन्हें मुसलमानों को यह महसूस करने का मौका भी न देना चाहिये कि उनके धर्म के भेद की वजह से हिन्दू उनके साथ अलग किस्म का बरताव करते हैं । तभी, इससे पहले नहीं, हिन्दू यह हक हासिल कर सकेंगे कि मुसलमान उनके उनके सच्चे दोस्त बन जायें और खतरे के समय दोनों कौमें एक होकर काम करें । लेकिन मान लीजिये कि वे थोड़े से मुसलमान ज्यादा तादात वाले हिन्दुओं के अच्छे बरताव के बावजूद उनसे अच्छा बरताव नहीं करते और हर बात में लड़ने के तैयार हो जाते हैं, तो यह उनकी कायरता होगी । जब उन ज्यादा तादात वाले हिन्दुओं का क्या फर्ज होगा ? बेशक, बहुमत कि अपनी दानवी शक्ति से उन पर काबू पाना नही । यह तो बिना हासिल किये हक को जबरदस्ती छिनना होगा । उनका फर्ज यह होगा कि वे मुसलमानों के अमानूषिक बरताव को उसी तरह रोकें, जिस तरह वे अपने सगे भाईयों के ऐसे बरताव को राकेंगे । इस उदाहण को और ज्यादा बढ़ाना मैं जरूरी नहीं समझता । इतना कहकर मैं अपने बात पूरी करता हूं कि जब हिन्दुओं की जगह मुसलमान बहुमत में हो और हिन्दू इने-गिने हो, तब भी बहुमत वाले को ठीक इसी तरह का बरताव करना चाहियें । जो कुछ मैनें कहा उसका मौजूदा हालत में हर जगह उपयोग करके फायदा उठाया जा सकता है । मौजूदा हालत घबडा़हट पैदा करने वाली बन गई है, क्योंकि लोग अपने बरताव इस सिद्धांत पर अमल नहीं करते कि कोई फर्ज पूरी तरह अदा करने के बाद ही हमें उससे सम्बन्ध रखने वाला हक हासिल होता है ।
यही नियम राजाओं और रैयत पर लागू होता है । राजाओं का फर्ज है कि वे रिआया के सच्चे सेवकों की तरह काम करें । वे किसी बाहरी सत्ता के दिये हुए हकों के बल पर राज्य नहीं करेंगे और तलवार के जोर से तो कभी नहीं । वे सेवा से हासिल किये गये हक से और खुद को मिली हुई विशेष बुद्धि के हक से राज्य करेंगे । तब उन्हें खुशी से दिये जाने वाले टैक्स वसूल करने का और उतनी ही राजी-खुशी से की जानी वाली सेवायें लेने का हक हासिल होगा । और यह टैक्स वे अपने लिये नही बल्कि अपनी आश्रय में रहने वाली प्रजा के लिये वसूल करेंगे । अगर राजा लोग इस सादे और बुनियादी फर्ज को अदा करने में असफल रहते है, तो प्रजा के उनके प्रति रहने वाले सारे फर्ज ही खतम नहीं हो जाते, बल्कि प्रजा का यह फर्ज हो जाता है कि वह राजाओं के मनमानी चालों का मुकाबला करें। दूसरे शब्दों में यों कहा जा सकता है कि प्रजा राजाओं के बुरे शासन या मनमानी का मुकाबला करने का हक हासिल कर लेती है । अगर हमारा मुकाबला हत्या, बरबादी और लूट-मार का रूप ले लें, तो फर्ज के नाते यह कहा जायेगा कि वह मुकाबला मनुष्य-जाति के खिलाफ एक गुनाह बन जाता है । जो शक्ति कुदरती तौर पर फर्ज को अदा करने से पैदा होती है, वह सत्याग्रह से पैदा होने वाली और किसी से न जीती जा सकने वाली अहिंसक शक्ति होती हैं ।
अनुक्रमणिका
- १. मेरे सपनो का भारत
- २. स्वराज्य का अर्थ
- ३. राष्ट्रवाद का सच्चा स्वरूप
- ४. भारतीय लोकतंत्र
- ५. भारत और समाजवाद
- ६. भारत और साम्यवाद
- ७. उद्योगवाद का अभिशाप
- ८. वर्गयुध्द
- ९. हड़ताल
- १०. मज़दूर क्या चुनेंगे?
- ११. अधिकार या कर्तव्य ?
- १२. बेकारी का सवाल
- १३. दरिद्र-नारायण
- १४. शरीर-श्रम
- १५. सर्वोदय
- १६. संरक्षता का सिद्धांत
- १७. अहिंसक अर्थ-व्यवस्था
- १८. सामान वितरण का रास्ता
- १९. भारत में अहिंसा की उपासना
- २०. सर्वोदयी राज्य
- २१. सत्याग्रह और दुराग्रह
- २२. किसान
- २३. गांवों की ओर
- २४. ग्राम-स्वराज्य
- २५. पंचायत राज
- २६. ग्रामोद्योग
- २७. सरकार क्या कर सकती है?
- २८. ग्राम-प्रदर्शनियां
- २९. चरखे का संगीत
- ३०. मिल-उद्योग
- ३१. स्वदेशी
- ३२. गोरक्षा
- ३३. सहकारी गो पालन
- ३४. गांवों की सफाई
- ३५. गांव का आरोग्य
- ३६. गांवों का आहार
- ३७. ग्राम सेवक
- ३८. समग्र ग्राम सेवा
- ३९. युवकों को आह्वान
- ४०. राष्ट्र का आरोग्य, स्वच्छता और आहार
- ४१. शराब और अन्य मादक द्रव्य
- ४२. शहरों की सफाई
- ४३. विदेशी माध्यम की बुराई
- ४४. मेरा अपना अनुभव
- ४५. भारत की सांस्कृतिक विरासत
- ४६. नई तालीम
- ४७. बुनियादी शिक्षा
- ४८. उच्च शिक्षा
- ४९. शिक्षा का आश्रमी आदर्श
- ५०. राष्ट्रभाषा और लिपि
- ५१. प्रान्तीय भाषायें
- ५२. दक्षिण में हिन्दी
- ५३. विद्यार्थियों के लिए अनुशासन के नियम
- ५४. भारतीय स्त्रियों का पुनरूत्थान
- ५५. स्त्रियों की शिक्षा
- ५६. संतति-नियमन
- ५७. काम-विज्ञान की शिक्षा
- ५८ (……..)
- ५९. साम्प्रदायिक एकता
- ६०. वर्णाश्रम धर्म
- ६१. अस्पृश्यता का अभिशाप
- ६२. भारत में धार्मिक सहिष्णुता
- ६३. धर्म – परिवर्तन
- ६४. (…)
- ६५. प्रान्तों का पुनर्गठन
- ६६. अल्पसंख्यकों की समस्यायें
- ६७. भारतीय गवर्नर
- ६८. समाचार-पत्र
- ६९. शान्ति सेना
- ७०. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- ७१. भारत पाकिस्तान और काश्मीर
- ७२. भारत में विदेशी बस्तियां
- ७३. भारत और विश्वशांति
- ७४. पूर्व का संदेश
- ७५. स्फूट वचन
