१७. अहिंसक अर्थ-व्‍यवस्‍था

मैं कहना चाहता हूं कि हम सब एक तरह से चोर हैं। अगर मैं कोई ऐसी चीज लेता और रखता हूं, जिसकी मुझे अपने किसी तात्‍कालिक उपयोग के लिए जरूरत नहीं हैं। तो मैं उसकी किसी दुसरे से चोरी ही करता हूं। यह प्रकृति का एक निरपवाद बुनियादी नियम है कि वह रोज केवल उतना ही पैदा करती है जितना हमें चाहिये। और यदि हर एक आदमी जितना उसे चाहिये उतना ही ले, ज्‍यादा न ले, तो दुनिया में गरीबी न रहे और कोई आदमी भूखा न मरे। मैं समाजवादी नहीं हूं और जिनके पास सम्‍पत्ति का संचय है उनसे मै उसे छीनना नहीं चाहता। लेकिन मैं यह जरूर कहता हूं कि हममें से जो लोग प्रकाश की खोज में प्रयत्‍नशील हैं, उन्‍हें व्‍यक्तिगत तौर पर इस नियम का पालन करना चाहिये। मैं किसी से उसकी सम्‍पत्ति छीनना नहीं चाहता, क्‍योंकि वैसा करूं तो मैं अहिंसा के नियम से च्‍युत हो जाऊंगा। यदि किसी के पास मेरी अपेक्षा ज्‍यादा संपत्ति है तो भले रहे। लेकिन यदि मुझे अपना जीवन नियम के अनुसार गढ़ना है, तो मैं ऐसी कोई चीज अपने पास नहीं रख सकता जिसकी मुझे जरूरत नहीं है। भारत में लाखों लोग ऐसे हैं जिन्‍हें दिन में केवल एक ही बार खाकर संतोष कर लेना पड़ता है और उनके उस भोजन में भी सूखी रोटी और चुटकी भर नमक के सिवा और कुछ नहीं होता। हमारे पास जो कुछ भी है उस पर हमें और आपको तब तक कोई अधिकार नहीं है, जब तक इन लोगों के पास पहनने के लिए कपडा़ और खाने के लिए अन्‍न नहीं हो जाता। हम में और आप में ज्‍यादा समझ होने की आशा की जाती है। अत: हमें अपनी जरूरतों नियमन करना चाहिये और स्‍वेच्‍छापूर्वक अमुक अभाव भी सहना चाहिये, जिससे की उन गरीबों का पालन-पोषण हो सके, उन्‍हें कपड़ा और अन्‍न मिल सके। (1)

मुझे स्‍वीकार करना चाहिये कि मैं अर्थविद्या और नीतिविद्या में न सिर्फ कोई स्‍पष्‍ट भेद नहीं करता, बल्कि भेद ही नहीं करता। जिस अर्थविद्या से व्‍यक्ति या राष्‍ट्र के नैतिक कल्‍याण को हानि पहुंचती हो, उसे मैं अनीतिमय और इसलिए पापपूर्ण कहूंगा। उदाहरण के लिए, जो अर्थविद्या किसी देश को किसी दूसरे देश का शोषण करने की अनुमति देती है वह अनैतिक है। जो मजदूरों को योग्‍य मेहनताना नहीं देते और उनके परिश्रम का शोषण करते हैं, उनसे वस्‍तुएं खरीदना या उन वस्‍तुओं का उपयोग करना पापपूर्ण है। (2)

मेरी राय में भारत की-न सिर्फ भारत की बल्कि सारी दुनिया की-अर्थरचना ऐसी होनी चाहिये कि किसी को भी अन्‍न और वस्‍त्र के अभाव की तकलीफ न सहनी पड़े। दूसरे शब्‍दों में, हर एक को इतना काम अवश्‍य मिल जाना चाहिये कि वह अपने खाने-पहनने की जरूरतें पूरी कर सके। और यह आदर्श निरपवाद रूप से तभी कार्यान्वित किया जा सकता है जब जीवन की प्राथमि‍क आवश्‍यकताओं के उत्‍पादन के साधन जनता के नियंत्रण में रहें। वे हर एक को बिना किसी बाधा के उसी तरह उपलब्‍ध होने चाहिये जिस तरह की भगवान की दी हुई हवा और पानी हमें उपलब्‍ध हैं; किसी भी हालत में वे दूसरों के शोषण के लिए चलाये जाने वाले व्‍यापार का वाहन न बनें। किसी भी देश, राष्‍ट्र या समुदाय का उन पर एकाधिकार अन्‍यायपूर्ण होगा। हम आज न केवल अपने इस दुखी देश में बल्कि दुनिया के दुसरे हिस्‍सों में भी जो गरीबी देखते हैं, उसका कारण इस सरल सिद्धांत की उपेक्षा ही हैं। (3)

जिस तरह सच्‍चे नीतिधर्म में और अच्‍छे अर्थशास्‍त्र में कोई विरोध नहीं होता, उसी तरह सच्‍चा अर्थशास्‍त्र कभी भी नीतिधर्म के ऊंचे-से-ऊंचे आदर्श का विरोधी नहीं होता। जो अर्थशास्‍त्र धन की पूजा करना सिखाता है और बलवानों को निर्बलों का शोषण करके धन का संग्रह करने की सुविधा देता है, उसे शास्‍त्र का नाम नहीं दिया जा सकता। वह तो एक झूठी चीज है, जिससे हमें कोई लाभ नहीं हो सकता। उसे अपनाकर हम मृत्‍यु को न्‍यौता देंगे। सच्‍चा अर्थशास्‍त्र तो सामाजिक न्‍याय की हिमायत करता है; वह समान भाव से सबकी भलाई का-जिनमें कमजोर भी शामिल हैं- प्रयत्‍न करता है और सभ्‍यजनोचित सुन्‍दर जीवन के लिए अनिवार्य है। (4)

मैं ऐसी स्थिति लाना चाहता हूं, जिसमें सबका सामाजिक दरज़ा समान माना जाय। मजदूरी करने वाले वर्गों को सैकड़ों वर्षों से सभ्‍य समाज से अलग रखा गया है और उन्‍हें नीचा दरज़ा दिया गया है। उन्‍हें शूद्र कहा गया है और इस शब्‍द का यह अर्थ किया गया है कि वे दूसरे वर्गों से नीचे हैं। मैं बुनकर, किसान और शिक्षक के लड़कों में कोई भेद नहीं होने दे सकता। (5)

रचनात्‍मक काम य‍ह अंग अहिंसापूर्ण स्‍वराज्‍य की मुख्‍य चाबी है। आर्थिक समानता के लिए काम करने का मतलब है, पूंजी और मजदूरी के बीच के झगड़ों को हमेशा के लिए मिटा देना। इसका अर्थ यह होता है कि एक ओर सो जिन मुठ्टीभर पैसे वाले लोगों के हाथ में राष्‍ट्र की संपत्ति का बड़ा भाग इकठ्टा हो गया है, उनकी संपत्ति को कम करना और दूसरी ओर से जो करोड़ो लोग अधपेट खाते और नंगे रहते है, उनकी संपत्ति में वृद्धि करना। जब तक मुठ्टीभर धनवानों और करोड़ों भूखे रहने वालों के बीच बेइन्‍तहा अन्‍तर बना रहेगा, तब तक अहिंसा की बुनियाद पर चलने वाली राज्‍य-व्‍यवस्‍था कायम नहीं हो सकती। आज़ाद हिन्‍दुस्‍तान में देश के बड़े-से-बड़े धनवानों के हाथ में हुकूमत का जितना हिस्‍सा रहेगा, उतना ही गरीबों के हाथ में भी होगा; और तब नई दिल्‍ली के महलों और उनकी बगल में बसी हुई गरीब मजदूर-बस्तियों के टूटे-फूटे झोंपड़ों के बीच जो दर्दनाक फर्क आज नज़र आता है वह एक दिन को भी नहीं टिकेगा। अगर धनवान लोग अपने धन को और उसके कारण्‍ा मिलने वाली सत्‍ता को खुद राजी-खुशी से छोड़कर और सबके कल्‍याण के लिए सबके साथ मिलकर बरतने को तैयार न होंगे, तो यह तय समझिये कि हमारे देश में हिंसक और खूंख्‍वार क्रांति हुए बिना न रहेगी। ट्रस्‍टीशिप या सरपरस्‍ती के मेरे सिद्धांत का बहुत मज़ाक उड़ाया गया है, फिर भी मैं उस पर कायम हूं। यह सच है कि उस तक पहुंचने यानी उसका पूरा-पूरा अमल करने का काम कठिन है। क्‍या अहिंसा की भी यही हालत नहीं है? फिर भी 1920 में हमने यह सीधी चढ़ाई चढ़ने का निश्‍चय किया था। (6)

मेरी सूचना है कि यदि भारत को अपना विकास अहिंसा की दिशा में करना है, तो उसे बहुत-सी चीजों का विकेन्‍द्रीकरण करना पड़ेगा। केन्‍द्रीकरण किया जाय तो फिर उसे कायम रखने के लिए और उसकी रक्षा के लिए हिंसाबल अनिवार्य है। जिनमें चोरी करने या लूटने के लिए कुछ है ही नहीं ऐसे सादे घरों की रक्षा के लिए पुलिस की जरूरत नहीं होती। लेकिन धनवानों के महलों के लिए अवश्‍य बलवान पहरेदार चाहियें, जो डाकुओं से उनकी रक्षा करें। यही बात बड़े-बड़े कारखानों की है। गांवो को मुख्‍य मानकर जिस भारत का निर्माण होगा उसे शहर-प्रधान भारत की अपेक्षा-शहर-प्रधान भारत जल, स्‍थल और वायुसेनाओं से सुसज्जित होगा, तो भी-विदेशी आक्रमण का कम खतरा रहेगा। (7)

आज तो बहुत ज्‍यादा और इसलिए बहुत भद्दी आर्थिक असमानता है। समाजवाद का आधार आर्थिक समानता है। अन्‍यायपूर्ण असमानताओं की इस हालत में, जहां चंद लोग मालामाल हैं और सामान्‍य प्रजा को भरपेट खाना भी नसीब नहीं होता, रामराज्‍य कैसे हो सकता है? (8)

ईमेल से पढ़ें(सब्सक्राइब करें):

Web Designing and Development

अनुक्रमणिका

हमारे बारे में

"मेरे सपनों का भारत" विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में महात्मा गांधी द्वारा लिखे गए लेखों का संकलन है। इस पुस्तक को आनलाइन लाने का उद्देश्य नई पीढ़ी को महात्मा गांधी के विचारों से अवगत कराना है।
पुस्तक को आनलाइन लाने का कार्य अभी जारी है। यदि आपको इसमें कोई त्रुटि दिखाई पड़े या कोई सुझाव हों तो हमें ईमेल द्वारा सूचित कर सकते हैं।

हम और भी पुस्तकों को आनलाइन लाना चाहते हैं। अत:जो लेखक/प्रकाशक/ट्रस्ट/संस्थाएं इस कार्य में सहयोग प्रदान करना चाहें हमसे इस पते पर संपर्क कर सकते हैं:

ईमेल : admin (at) antarjaal (dot) in

मेरे सपनों का भारत (कापीराइट नवजीवन ट्रस्ट, अहमदाबाद)