५९. साम्प्रदायिक एकता
कौमी या साम्प्रदायिक एकता की जरूरत को सब कोई मुजूर करते हैं। लेकिन सब लोगों को अभी जंची नहीं कि एकता का मतलब सिर्फ राजनीतिक एकता नहीं है। राजनीतिक एकता तो जोर – जबरदस्ती से भी लादी जा सकती है। मगर एकता के सच्चे मानी तो हैं वह दिली दोस्ती, जो किसी के तोडे़ न टूटे। इस तरह की एकता पैदा करने के लिए सबसे पहली जरूरत इस बात की है कि कांग्रेसजन, फिर वे किसी धर्म के मानने वाले हों, अपने को हिन्दू, मुसलमान, ईसाई, पारसी, यहूदी वगैरा सभी कौमों के नुमाइन्दा समझें। हिन्दूस्तान के करोड़ों बाशिन्दों में से हर एक के साथ वे अपनेपन का – आत्मीयता का – अनुभव करें; यानी वे उनके सुख – दुख: में अपने को उनका साथी समझें। इस तरह की आत्मीयता सिद्ध करने के लिए हर एक कांग्रेसी को चाहिये कि वह अपने धर्म से भिन्न धर्म का पालन करने वाले लोगों के साथ निजी दोस्ती कायम करे, और अपने धर्म के लिए उसके मन में जैसा प्रेम हो, ठीक वैसा ही प्रेम वह दूसरे धर्म से भी करे।
हिन्दू, मुसलमान, ईसाई, सिक्ख , पारसी आदि को अपने मतभेद हिंसा का आश्रय लेकर और लडा़ई- झगडा़ करके नहीं निपटने चाहिये।…. हिन्दू और मुसलमान मुंह से तो कहते हैं कि धर्म में जबरदस्ती को कोई स्थान नहीं है । लेकिन यदि हिन्दू गाय को बचाने के लिए मुसलमान की हत्या करें, तो यह जबरदस्ती के सिवा और क्या है ? यह तो मुसलमान को बलात् हिन्दू बनाने जैसी ही बात है। और इसी तरह यदि मुसलमान जोर- जबरदस्ती से हिन्दूओं को मसजिदों के सामने बाजा बजाने से रोकने की कोशिश करते हैं, तो यह भी जबरदस्ती के सिवा और क्या है ? धर्म तो इस बात में है कि आस- पास चाहे जितना शोरगुल होता रहे, फिर भी हम अपनी प्रार्थना में तल्लीन रहें। यदि हम एक- दूसरे को अपनी धार्मिक इच्छाओं का सम्मान करने के लिए बाध्य करने की बेकार कोशिश करते रहे, तो भावी पीढि़यां हमें धर्म के तत्व से बेखबर जंगली ही समझेंगी।
यदि अपने अन्तर का आदेश मानकर कोई आर्यसमाजी प्रचारक अपने धर्म का और मुसलमान प्रचारक अपने धर्म का उपदेश करता है, और उससे हिन्दू- मुस्लिम- एकता खतरे में पड़ जाती है, तो कहना चाहिये कि यह एकता बिलकुल ही उपरी है। ऐसी प्रचार- प्रवृत्तियों से हमें विचलित क्यों होना चाहिये ? अलबत्ता, ये प्रवृत्तियों सच्चाई से प्रेरित होनी चाहिये। यदि मलकाना जाति के लोग हिन्दू धर्म में वापिस आना चाहते हैं, तो उन्हें इसका पूरा अधिकार है; वे जब भी आना चाहें आ सकते हैं।
लेकिन इस सिलसिले में ऐसे किसी प्रचार की अनूमति नहीं दी जा सकती, जिसमें दूसरे धर्मों को गलियां दी जाती हों। कारण, दूसरे धर्मों की निंदा में परमत- सहिष्णुता का सिद्धान्त भंग होता है। ऐसे प्रचार से निपटने का सबसे अच्छा उपाय यह है कि उसकी सार्वजनिक रीति से निन्दा की जाय। हर एक आन्दोलन सामाजिक प्रतिष्ठा का जामा पहनकर आगे आने की कोशिश करता है। यदि लोग उसके इस नकली आवरण को फाड़ दें, तो प्रतिष्ठा के अभाव में वह मर जाता है।
अब हिन्दू- मुसलमानों के झगड़ों के दो स्थायी कारणों का क्या इलाज हो सकता है, इसकी जांच करें।
पहले गोवध को लीजिये। गोरक्षा को मैं हिन्दू धर्म का प्रधान अंग मानता हूं। प्रधान इसलिए कि उच्च वर्गों और आम जनता दोनों के लिए यह समान है। फिर भी इस बारे में हम जो केवल मुसलमानों पर ही रोष करते हैं, यह बात किसी भी तरह मेरी समझ में नहीं आती। अंग्रेजों के लिए रोज कितनी ही गायें कटती हैं। परन्तु इस बारे में तो हम कभी जबान तक भी शायद ही हिलाते होंगे। केवल जब कोई मुसलमान गाय की हत्या करता है, तभी हम क्रोध के मारे लाल- पीले हो जाते हैं। गाय के नाम से जितने झगड़ें हुए हैं, उनमें से प्रत्येक में निरा पागलपन भरा शक्तिक्षय हुआ है। इससे एक भी गाय नहीं बची। उलटे, मुसलमान ज्यादा जिद्दी बने हैं और इस कारण ज्यादा गाय कटने लगी हैं।
गोरक्षा का प्रारंभ तो हमी को करना है। हिन्दूस्तान में ढोरों की जो दुर्दशा है वैसी दुनिया के किसी भी दूसरे हिस्से में नहीं है। हिन्दू गाड़ीवानों को थककर चूर हुए बालों को लोहे की तेज आर वाली लकड़ी से निर्दयता के साथ हांकते देखकर मैं कई बार रोया हूं। हमारे अधभूखे रहने वाले जानवर हमारी जीती- जागती बदनामी के प्रतीक हैं। हम हिन्दू गाय को बेचते हैं इसलिए गायों की गर्दन कसाई की छुट्टी का शिकार होती है।
ऐसी हालत में एकमात्र सच्चा और शोभास्पद उपाय यही है कि मुसलमानों के दिल हम जीत लें और गाय का बचाव करना उनकी शराफत पर छोड़ दें। गोरक्षा – मंडलों को ढोरों को खिलाने- पिलाने, उन पी होने वाली निर्दयता को रोकने, गोचर- भूमि के दिन- दिन होने वाले लोप को रोकने, पशुओं की नसल सुधारने, गरीब ग्वालों से उन्हें खरीद लेने और मौजूदा पिंजरापोलों को दूध की आदर्श स्वावलंबी डेरियां बनाने की तरफ ध्यान देना चाहिये। उपर बताई हुई बातों में से एक के भी करने में हिन्दू चूकेंगे, तो वे ईश्वर और मनुष्य दोनों के सामने अपराधी ठहरेंगे। मुसलमानों के हाथ से होने वाली गोवध को वे रोक न सकें, तो इसमें उनके मत्थे पाप नहीं चढ़ता। लेकिन वे गायों को बचाने के लिए मुसलमानों के साथ झगडा़ करने लगते हैं, तब वे जरूर भारी पाप करते हैं।
मसजिदों के सामने बाजे बजने के सवाल पर- अब तो मंदिरोंके भीतर होने वाली आरती का भी विरोध किया जाता है- मैंने गम्भीरतापूर्वक सोचा है। जिस तरह हिन्दू गोवध से दु:खी होते हैं, उसी तरह मुसलमानों को मसजिदों के सामने बाजा बजने पर बुरा लगता है। लेकिन जिस तरह हिन्दू मुसलमानों को गोवध न करने के लिए बाध्य नहीं कर सकते, उसी जिस तरह मुसलमान भी हिन्दूओं को डरा- धमकाकर बाजा या आरती बन्द करने के लिए बाध्य नहीं कर सकते। उन्हें हिन्दूओं की सदिच्छा का विश्वास करना चाहिये। हिन्दू के नाते मैं हिन्दूओं को यह सलाह जरूर दूंगा कि वे सौदेबाजी की भावना रखे बिना अपने मुसलमान पड़ोंसियों के भावों को समझें और जहां सम्भव हो वहां उनका खयाल रखें। मैंने सुना है कि कई जगह हिन्दू लोग जान- बूझकर और मुसलमानों का जी दुखाने के इरादे से ही आरती ठीक उस समय करते हैं जब कि मुसलमानों की नमाज शुरू होती है। यह एक हृदयहीन और शत्रुतापूर्ण कार्य है। मित्रता में मित्र के भावों का पूरा- पूरा खयाल रखा ही जाना चाहिये। इसमें तो कुछ सोच- विचार की भी बात नहीं है। लेकिन मुसलमानों को हिन्दूओं से डरा- धमराकर बाजा बंद करवाने की आशा नहीं रखनी चाहिये । धमकियों अथवा वास्तविक हिंसा के आगे झुक जाना अपने आत्म- सम्मान और धार्मिक विश्वासों का हनन है। लेकिन जो आदमी धमकियों के आगे नहीं झुकेगा, वह जिनसे प्रतिपक्षी को चिढ़ होती हो ऐसे मौके हमेशा यथासंभव कम करने की और संभव हो तो टालने की भी पूरी कोशिश करेगा।
मुझे इस बात का निश्चय है कि यदि नेता न लड़ना चाहें, तो आम जनता को लड़ना पसंद नहीं है। इसलिए यदि नेता लोग इस बात पर राजी हो जायें कि दूसरे सभ्य देशों की तरह हमारे देश में भी आपसी लडा़ई- झगडों का सार्वजनिक जीवन से पूरा उच्छेद कर दिया जाना चाहिये और वे जंगलीपन और अधार्मिकता के चिन्ह माने जाने चाहिये, तो मुझे इसमें कोई सन्देह नहीं कि आम जनता शीघ्र ही उनका अनुकरण करेगी।
जब ब्रिटिश शासन नहीं था और अंग्रेज लोग यहां दिखायी नहीं पड़ते थे, तब क्या हिन्दू, मुसलमान और सिक्ख्ा हमेशा एक- दूसरे से लड़ते ही रहते थे ? हिन्दू इतिहासकारों और मुसलमान इतिहासकारों ने उदाहरण देकर यह सिद्ध किया है उस समय में हम बहुत हद तक हिल- मिलकर और शांतिपूर्वक ही रहते थे। और गांवों में तो हिन्दू- मुसलमान आज भी नहीं लड़ते। उन दिनों वे बिलकुल ही नहीं लड़ते थे। …. यह लडा़ई- झगडा़ पुराना नहीं है।…. मैं तो हिम्मत के साथ यह कहता हूं कि वह ब्रिटिश शासकों के आगमन के साथ ही शुरू हुआ है; और जब ग्रेट ब्रिटेन और भारत के बीच आज तो दुर्भाग्यपूर्ण, कृत्रिम और अस्वाभाविक सम्बंध है वह बदलकर सही और स्वाभाविक बन जायेगा, जब उसका रूप एक ऐसी स्वेच्छापूर्ण साझेदारी का हो जायेगा, जो किसी भी समय दानों में से किसी भी पक्ष की इच्छा पर तोडी़ जा सके, उस समय आप देखेंगे कि हिन्दू, मुसलमान, सिक्ख , ईसाई, अछूत,एंग्लो-इंडियन और यूरोपियन सब हिल- मिलकर एक हो गये हैं।
मुझे इस बात में रंचमात्र भी सन्देह नहीं है कि साम्प्रदायिक मतभेदों का कुहासा आजादी के सूर्य का उदय होते ही दूर हो जायेगा।
अनुक्रमणिका
- १. मेरे सपनो का भारत
- २. स्वराज्य का अर्थ
- ३. राष्ट्रवाद का सच्चा स्वरूप
- ४. भारतीय लोकतंत्र
- ५. भारत और समाजवाद
- ६. भारत और साम्यवाद
- ७. उद्योगवाद का अभिशाप
- ८. वर्गयुध्द
- ९. हड़ताल
- १०. मज़दूर क्या चुनेंगे?
- ११. अधिकार या कर्तव्य ?
- १२. बेकारी का सवाल
- १३. दरिद्र-नारायण
- १४. शरीर-श्रम
- १५. सर्वोदय
- १६. संरक्षता का सिद्धांत
- १७. अहिंसक अर्थ-व्यवस्था
- १८. सामान वितरण का रास्ता
- १९. भारत में अहिंसा की उपासना
- २०. सर्वोदयी राज्य
- २१. सत्याग्रह और दुराग्रह
- २२. किसान
- २३. गांवों की ओर
- २४. ग्राम-स्वराज्य
- २५. पंचायत राज
- २६. ग्रामोद्योग
- २७. सरकार क्या कर सकती है?
- २८. ग्राम-प्रदर्शनियां
- २९. चरखे का संगीत
- ३०. मिल-उद्योग
- ३१. स्वदेशी
- ३२. गोरक्षा
- ३३. सहकारी गो पालन
- ३४. गांवों की सफाई
- ३५. गांव का आरोग्य
- ३६. गांवों का आहार
- ३७. ग्राम सेवक
- ३८. समग्र ग्राम सेवा
- ३९. युवकों को आह्वान
- ४०. राष्ट्र का आरोग्य, स्वच्छता और आहार
- ४१. शराब और अन्य मादक द्रव्य
- ४२. शहरों की सफाई
- ४३. विदेशी माध्यम की बुराई
- ४४. मेरा अपना अनुभव
- ४५. भारत की सांस्कृतिक विरासत
- ४६. नई तालीम
- ४७. बुनियादी शिक्षा
- ४८. उच्च शिक्षा
- ४९. शिक्षा का आश्रमी आदर्श
- ५०. राष्ट्रभाषा और लिपि
- ५१. प्रान्तीय भाषायें
- ५२. दक्षिण में हिन्दी
- ५३. विद्यार्थियों के लिए अनुशासन के नियम
- ५४. भारतीय स्त्रियों का पुनरूत्थान
- ५५. स्त्रियों की शिक्षा
- ५६. संतति-नियमन
- ५७. काम-विज्ञान की शिक्षा
- ५८ (……..)
- ५९. साम्प्रदायिक एकता
- ६०. वर्णाश्रम धर्म
- ६१. अस्पृश्यता का अभिशाप
- ६२. भारत में धार्मिक सहिष्णुता
- ६३. धर्म – परिवर्तन
- ६४. (…)
- ६५. प्रान्तों का पुनर्गठन
- ६६. अल्पसंख्यकों की समस्यायें
- ६७. भारतीय गवर्नर
- ६८. समाचार-पत्र
- ६९. शान्ति सेना
- ७०. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- ७१. भारत पाकिस्तान और काश्मीर
- ७२. भारत में विदेशी बस्तियां
- ७३. भारत और विश्वशांति
- ७४. पूर्व का संदेश
- ७५. स्फूट वचन
