६७. भारतीय गवर्नर

1. हिन्‍दुस्‍तानी गवर्नर को चाहिये कि वह खुद पूरे संयम का पालन करे और अपने आस- पास संयम का वातावरण खडा़ करे। इसके बिना शराबबन्‍दी के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता।

2. उसे अपने में और अपने आस-पास हाथ- कताई और हाथ- बुनाई का वातावरण पैदा करना चाहिये, जो हिन्‍दुस्‍तान के करोडो़ गूगों के साथ उसकी एकता की प्रकट निशानी हो, ‘मेहनत करके रोटी कमाने’ की जरूरत का और संगठित हिंसा के खिलाप- जिस पर आज का समाज का टिका हुआ मालूम होता है- संगठित अहिंसा का जीत- जागता प्रतीक हो।

3. अगर गवर्नर को अच्‍छी तरह काम करना है, तो उसे लोगों की निगाहों से बचे हुए, फिर भी सबकी प‍हुंच के लायक, छोटे से मकान में रहना चाहिये।ब्रिटिश गवर्नर स्‍वभाव से ही ताकत को दिखाता था। उसके लिए और उसके लिए लोगों के लिए सुरक्षित महल बनाया गया था- ऐसा महल जिसमें वह और उसके साम्राज्‍य को टिकाये रखने वाले उसके सेवक रह सकें। हिन्‍दुस्‍तानी गवर्नर राजा – नवाबों और दुनिया के रातदूतों का स्‍वागत करने के लिए थोडी़ शान- शौकत वाली इमारतें रख्‍ा सकते हैं। गवर्नर के मेहमान बनने वाले लोगों को उसके व्‍यक्तित्‍व और आस- पास के वातावरण से ‘ ईवन अण्‍टु दिस लास्‍ट ‘ (सर्वोदय) – सब के साथ समान बरताव- की सच्‍ची शिक्षा मिलनी चाहिये। उसके लिए देशी या विदेशी मंहगे फर्नीचर की जरूरत नहीं। ‘ सादा जीवन और ऊंचे विचार’ उसका आदर्श होना चाहिये। यह आदर्श सिर्फ उसके दरवाजे की ही शोभा न बढा़ये, बल्कि उसके रोज के जीवन में भी दिखाई दें।

4. उसके लिए न तो किसी रूप में छुआछुत हो सकती है और जाति, धर्म या रेग का भेद । हिन्‍दुस्‍तान का नागरिक होने के नाते उसे सारी दुनिया का नागरिक होना चाहिये। हम पढ़ते है कि खलीफा उमर इसी तरह सादगी से रहते थे, हालांकि उनके कदमों पर लाखों – करोड़ों की दौलत लोटती रहती थी। उसी तरह पुराने जमाने में राजा जनक रहते थे। इसी सादगी से ईटन के मुख्‍याधिकारी, जैसा कि मैंने उन्‍हें देखा था, अपने भवन में ब्रिटिश द्धीपों के लार्ड और नवाबों के लड़कों के बीच रहा करते थे। तब क्‍या करोड़ों भूखों के देश हिन्‍दुस्‍तान के गवर्नर इतनी सादगी से नहीं रहेंगे ?

5. वह जिस प्रान्‍त का गवर्नर होगा, उसकी भाषा और हिन्‍दुस्‍तानी बोलेगा, जो हिन्‍दुस्‍तान की राष्‍ट्रभाषा है और नागरी या उर्दू लिपि में लिखी जाती है। वह न तो संस्‍कृत शब्‍दों से भरी हुई हिन्‍दीं है और न फारसी शब्‍दों से लदी हुई उर्दू। हिन्‍दुस्‍तानी दरअसल वह भाषा है, जिसे विन्‍याचल के उत्‍तर में करोड़ों लोग बोलते हैं।

हिन्‍दुस्‍तानी गवर्नर में जो- जो गुण होने चाहिये, उनकी यह पूरी सूची नहीं है। यह तो सिर्फ मिसाल के तौर पर दी गई है।

ईमेल से पढ़ें(सब्सक्राइब करें):

Web Designing and Development

अनुक्रमणिका

हमारे बारे में

"मेरे सपनों का भारत" विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में महात्मा गांधी द्वारा लिखे गए लेखों का संकलन है। इस पुस्तक को आनलाइन लाने का उद्देश्य नई पीढ़ी को महात्मा गांधी के विचारों से अवगत कराना है।
पुस्तक को आनलाइन लाने का कार्य अभी जारी है। यदि आपको इसमें कोई त्रुटि दिखाई पड़े या कोई सुझाव हों तो हमें ईमेल द्वारा सूचित कर सकते हैं।

हम और भी पुस्तकों को आनलाइन लाना चाहते हैं। अत:जो लेखक/प्रकाशक/ट्रस्ट/संस्थाएं इस कार्य में सहयोग प्रदान करना चाहें हमसे इस पते पर संपर्क कर सकते हैं:

ईमेल : admin (at) antarjaal (dot) in

मेरे सपनों का भारत (कापीराइट नवजीवन ट्रस्ट, अहमदाबाद)