७५. स्फूट वचन
आदिवासी
‘ आदिवासी ‘ नाम उन लोगों को दिया गया है, जो कि पहले से ही इस देश में बसे हुए थे। उनकी आर्थिक स्थिति हरिजनों से शायद ही अच्छी होगी। लम्बे अरसे से अपने- आप को ‘ उंचे वर्गो ‘ के नाम से पुकारने वाली हमारी जनता ने उनकक प्रति जो बेपरवाही बताई है, उसका परिणाम उन्हें भोगना पडा़ है। आदिवासियों के प्रश्न को रचनात्मक कार्यक्रम में खास स्थान मिलना चाहिये। सुधारकों के लिए उनके बीच सुधार का काम करने का बडा़ क्षेत्र है, परन्तु अभी तक ईसाई धर्म- प्रचारकों ने ही यह काम किया है। यद्यपि उन्होंने इस काम में बहुत मेहनत की है, तो भी उनका काम जैसा फला- फूला नहीं ; क्योंकि उनका अन्तिम हेतु आदिवासियों को ईसाई बनाना था और उन्हें हिन्दुस्तानी मिटाकर अपने- जैसा परदेशी बना लेने का था। जो भी हो, परन्तु अगर हम अहिंसा के आधार पर स्वराज्य चाहते हैं, तो कनिष्ठ- से- कनिष्ठ वर्ग की तरफ से भी हम बेपरवाही नहीं हो सकते। परन्तु आदिवासियों की तो संख्या इतनी बडी़ है कि उनको कनिष्ठ गिना ही नहीं जा सकता।
अनुशासन
आजादी के सर्वोच्च रूप के साथ ज्यादा- से- ज्यादा अनुशासन और नम्रता होनी ही चाहिये ; दोनों का अटूट सम्बंध है। अनुशासन और नम्रता से आयी हुई आजादी ही सच्ची आजादी है। अनुशासन से अनियंत्रित आजादी, आजादी नहीं, स्वेच्छा चारी है; उससे स्वयं हमारे पडो़सियों के खिलाप अभ्रदता सूचित होती है।
हमें दृड़ता पूर्वक कठोर अनुशासन का पालन करना सीखना चाहिये। तभी हम कोई बडी़ और स्थायी वस्तु प्राप्त कर सकेंगे। और यह अनुशासन कोरी बौद्धिक चर्चा करते रहने से या तर्क और विवेक- बुद्धि को अपील करते रहने से नहीं आ सकता। अनुशासन विपत्ति की पाठशाला में सीखा जाता है । और तब उत्साही युवक बिना किसी ढाल के जिम्मेदारी के काम उठायेंगे और उसके लिए अपने को तैयार करेंगे, तब वे समझेंगे कि जिम्मेदारी और अनुशासन किया है।
डॉक्टर
डॉक्टर हमें धर्म से भ्रष्ट करते हैं, यह साफ और सीधी बात है। वे हमें स्वच्छन्द बनने को ललचाते हैं। इसका परिणाम यह आता है कि हम नि: सत्व और नार्मद बनते हैं।
सामान्य तौर पर इस धंधे से मेरा जो विरोध है, उसका कारण यह हे कि उसमें आत्मा के प्रति कुछ भी ध्यान नहीं दिय जाता; और इस शरीर जैसे नाजुक यंत्र को सुधारने का प्रयत्न करने में जो श्रम किया जाता है, वह न- तो कुछ जैसी वस्तु के लिए ही किया जाता है। इस प्रकार आत्मा का ही इनकार करने से यह धंधा मनुष्यों को दया के पात्र बना देता है और मनुष्य के गौरव और आत्म- संयम को घटाने में मदद करता है।
पोशाक
किसी भारती के लिए उसकी राष्ट्रीय पोशाक ही सबसे ज्यादा स्वाभाविक और शोभाप्रद है। मैं ऐसा मानता हूं कि हमारा यूरोपीय पोशाक की नकल करना हमारे पतन का चिन्ह् है; उससे हमारा पतन, हमारा अपमान और हमारी दुर्बलता सूचित होती है। अपनी ऐसी पोशाक को छोड़कर, जो भारतीय जलवायु के सबसे ज्यादा अनुकूल है, जो सादगी, कला और सत्तेपन में दुनिया में अपनी जोड़ नहीं रखती और जो स्वाथ्य तथा स्वच्छता की आवश्यकताओं को पूरा करती है, हम एक राष्ट्रीय पाप कर रहे हैं।
मेरा संकीर्ण राष्ट्रप्रेम टोप का विरोध करता है, किन्तु मेरा छिपा हुआ विश्व- प्रेम उसे यूरोप की इनी- गिनी बहुमूल्य देनों में से एक मानता है। टोप के खिलाप स देश में इतनी उग्र विरोध- भावना न होती है, तो मैं टोप के प्रचार के लिए संघटित संस्था का अध्यक्ष बन जाता।
भारत के शिक्षित लोगों ने( यहां की जलवाय) पतलून जैसे अनावश्यक, अस्वास्थ्यकर और असुन्दर परिधान को अपनाकर तथा टोप को स्वीकार करने में आम तौर पर हिचकिचाहत प्रकट करके भूल की है। लेकिन मैं जानता हूं कि राष्ट्रीय रूचियों के पीछे कोई विवेक नहीं होता।
झंडा
झंडे की जरूरत सब देशों को होती है। उसके लिए लाखों- करोडों ने अपने प्राण दिये हैं। इसमें सन्देह नहीं कि यह एक प्रकार की मूर्तिपूजा है, जिसे नष्ट करना पाप- जैसा होगा। कारण, झंडा अमुक आदर्शो का प्रतीक होता है। जब यूनियन जैक फहराया जाता है तब अंग्रेजों के हृदय में जो भाव उठाते हैं, उनकी गहराई और तीव्रता को मापना कठिन है। अमेरिका के रेखाओं और तारकों से अंकित झंडे में अमेरिकावालों को जाने कितना गहरा अर्थ मिलता है। इसी तरह इस्लाम के अनुयायियों में उनका चन्द्र और तारों से अंकित झण्डा उत्तम वीरता के भाव जगाया है। हम भारतीयों को यानी हिन्दुओं, मुसलमानों, ईसाइयों, यहूदियों, पारसियों और भारत को अपना देश मानने वाले अन्य सब लोगों को अपना एक सर्व स्वीकृत झंडा तय करना चाहिये, जिसके लिए हम मरें और जियें।
वकील
वकील का कर्त्तव्य हमेशा न्यायाधीशों के सामने सत्य को रखना और सत्य पर पहुंचने में उनकी मदद करना है। उनका काम अपराधियों को निपराधी सिद्ध करना कदापि नहीं है।
नेतृत्व
अगर हम तोला शाही की स्थिति को टालना चाहते हैं और यह इच्छा रखते हैं कि देश की व्यवस्थित प्रगति हो, तो जो लोग जनता का नेतृव्य करने का दावा करते हैं उन्हें जनता का नेतृव्य मानने से यानी जनता जो कहे वैसा करने से दृढ़ता पूर्वक इनकार कर देना चाहिये। मैं मानता हूं कि महज अपने मत की घोषणा करना और फिर लोगों के सामने झुक जाना पर्याप्त नहीं है। यदि महत्व के मामलों में लोगों का मत नेताओं की बुद्धि को पटता न तो हो, तो उन्हें चाहिये कि वे उसके खिलाप काम करें।
नेता का पद समान पदवालों में प्रथम माने गये व्यक्ति का पद है। किसी- न- किसी को प्रथम स्थान देना ही पड़ता है, लेकिन श्रृंखला की सबसे कमजोर कडी़ से ज्यादा शक्तिशाली न तो वह होता है, न उसे होना चाहिये। एक बार नेता का चुनाव करने के बाद हमारा कर्त्तव्य हो जाता है कि हम उसका अनुसरण करें। यदि ऐसा न किया जाय तो श्रृंखला टूट जाती है और सारा संघटन शिथिल हो जाता है।
संगीत
संगीत वस्तुत: एक पुरानी और पवित्र कला है। सामवेद के सूक्त संगीत का भंडार हैं और कुरान की किसी भी आयत का पाठ संगीत का आश्रय लिये बिना नहीं हो सकता। डेविड के भक्तिपूर्ण गीत हमें आनन्द के लोक में पहुंचा देते हैं और सामवेद के सूक्तों का स्मरण कराते हैं। हमें इस कला को पुनर्जीवित करना चाहिये और उसका प्रचार करने वाली संस्थाओं को आश्रय देना चाहिये।
हम संगीत- सम्मेलनों में हिन्दू अज्ञैर मुसलमान संगीतज्ञों को साथ – साथ बैठे हुए और उसमें हिस्सा लेते हुए देखते हैं। अपने राष्ट्रीय जीवन के दूसरे क्षेत्रों में हम भाईचारे की यही भावना कब देखेंगे? ऐसा होगा उस समय हमारे होठों पर राम और रहमान का नाम एक साथ होगा।
दलों की अनेकता
यदि हममें उदारता और सहिष्णुता न हो, तो हम अपने मतभेद कभी भी मित्रता पूर्वक नहीं सुलझा सकेंगे; और उस हालत में हमें हमेशा ही तीसरे पक्ष का फैसला स्वीकार करने के लिए यानी विदेशी सत्ता की गुलामी अपनाने के लिए लाचार होना पडे़गा।
किसी भी एक विचारधारा यह दावा नहीं कर सकते कि उनके ही निर्णय हमेशा सही होते हैं। म सबसे गलतियां हो सकती हैं और हमें अक्सर ही अपने निर्णय बाद में बदलने पड़ते हैं। हमारे इस विशाल देश में सब ईमानदार विचारधाराओं के लिए गुंजाइश्ा होनी चाहिये। ओर इसलिए अपने प्रति और दूसरों के प्रति हमारा कम-से- कम यह कर्त्तव्य तो है ही कि हम अपने विरोधी का दृष्टिकोण समझने की कोशिश करें; और यदि हम उसे स्वीकार न कर सकते हों तो उसका उतना आदर अवश्य करें जितना हम चाहेंगे कि वह हमारे दृष्टिकोण का करे। यह चीज स्वथ्य सार्वजनिक जीवन का और इसलिए स्वराज्य की योग्यता का एक अनिवार्य प्रमाण है।
राजनीति
ऐसे व्यापक सत्य- नारायण के प्रत्यक्ष दर्शन के लिए जीवमात्र के प्रति आत्मवत् प्रेम की परम आवश्यकता है। और मनुष्य ऐसा करना चाहता है, वह जीवन के किसी भी क्षेत्र से बाहर नहीं रह सकता। यही कारण है कि सत्य की मेरी पूजा मुझे राजनीति में खींच लायी है। जो मनुष्य यह कहता है कि धर्म का राजनीति से कोई सम्बंध नहीं है वह धर्म को नहीं जानता, ऐसा कहने में मुझे संकोच नहीं होता और न ऐसा कीने में मैं अविनय करता हूं।
पंडे और पुजारी
यह एक दु:खदायी हकीकत है, किंतु इतिहास इसकी गवाही देता है कि पंडे और पुजारी ही, जिन्हें कि धर्म के सच्चे रक्षक होना चाहिये था, अपने – अपने धर्म के पतन और नाश का कारण सिद्ध हुए हैं।
सार्वजनिक कोष
अगर हम मिले हुए पैसे की पाई- पाई का हिसाब नहीं रखते और कोष का विचारपूर्ण उचित उपयोग नहीं करते, तो सार्वजनिक जीवन से हमें निकाल दिया जाना चाहिये।
सार्वजनिक धन भारत की उस गरीब जनता है, जिससे ज्यादा गरीब इस दुनिया में और कोई नहीं है। इस धन के उपयोग में हमें बहुत ज्यादा सावधान तथा सजग रहना चाहिये और जनता से हमें जो भी पैसा मिलता है उसकी पाई- पाई का हिसाब देने के लिए तैयार रहना चाहिये।
सार्वजनिक संस्थाएं
अनेका नेक सार्वजनिक संस्थाओं की उत्पत्ति और उनके प्रबंध की जिम्मेदारी संभालने के बाद मैं इस दृढ़ निर्णय पर पहुंचा हूं कि किसी भी सार्वजनिक संस्था को स्थायी कोष पर निभने का प्रयत्न नहीं करना चाहिये। इसमें उसकी की नैतिक अधोगति का बीज छिपा रहता है। … देखा यह गया है कि स्थायी सम्पत्ति के भरोसे चलने वाली संस्था लोकमत से स्वतंत्र हो जाती है, और कितनी ही बार वह उलटा आचरण भी करती है। हिन्दुस्तान में हमें पग- पग पर इसका अनुभव होता है। कितनी ही धार्मिक मानी जाने वाली संस्थाओं के हिसाब- किताब का कोई ठिकाना नहीं रहता। उनके ट्रस्टी ही उनके मालिक बन बैठे हैं और किसी के प्रति उत्तरदायी भी नहीं हैं। जिस तरह प्रकृति स्वयं प्रतिदिन उत्पन्न करती और प्रतिदिन खाती है, वैसी ही व्यव्स्था सार्वजनिक संस्थाओं की भी होनी चाहिये, इसमें मुझे कोई शंका नहीं है। जिस संस्था को लोग मदद देने के लिए तैयार न हों, उसे सार्वजनिक संस्था के रूप में जीवित रहने का अधिकार ही नहीं है।
मैं इस दृढ़ निश्चय पर पहुंचा हूं कि कोई भी सुपात्र संस्था जनता से मिलने वाली मदद के अभाव के कारण नहीं मरती। मरने वाली संस्थाओं के मरने का कारण या तो यह रहा है कि उनमें ऐसी कोई उपयोगिता शेष नहीं रह गयी थी, जिससे आकर्षित होकर जनता उनकी मदद करती, अथवा उनके संचालकों ने अपनी श्रद्धा या दूसरे शब्दों में अपनी जीवन- क्षमता खो दी थी।
हमारी आर्थिक स्थिति नहीं, बल्कि हमारी नैतिक स्थिति ही अनिश्चित है। अपने कार्यकर्ताओं की चारित्रिक पवित्रता की दृढ़ नींव पर खडे़ हुए किसी भी कार्य या आन्दोलन को अर्थाभाव के कारण नष्ट हो जाने का डर कभी नहीं होता।… हमें पैसे के लिए सामान्य जनता के पास पहुंचना चाहिये। हमारे मध्यम वर्गों और गरीब वर्गों के लोग कितने भिखारियों को, कितने मंदिरों को सहायता देते हैं; ये लोग चंद अच्छे कार्यकर्ताओं का भरण- पोषण क्यों नहीं करेंगे? हमें घर- घर जाकर भीख मांगनी चाहिये, अनाज मांगना चाहिये; और कुछ न मिले तो चंद पैसे ही मांगना और स्वीकार कर लेना चाहिये। इस मामले में हमें वैसा ही करना चाहिये, जैसा कि बिहार और महाराष्ट्र में किया जा रहा है।… लेकिन याद रखिये कि सफलता आपकी ध्येयनिष्ठा पर, कार्य के प्रति आपकी भक्ति पर और आपके के चरित्र की पवित्रता पर निर्भय करेगी। ऐसे कार्यों के लिए लोग तब तक नहीं देंगे जब तक उन्हें हमारी नि:स्वार्थता का निश्चय न हो जायेगा।
लोकमत
लोकमत ही एक ऐसी शक्ति है, जो समाज को शुद्ध और स्वथ्य रख्ा सकती है।
लोकमत से आगे बढ़कर कानून बनाना प्राय: निरर्थक ही नहीं, उससे भी ज्यादा बुरा सिद्ध होता है।
स्वथ्य लोकमत में जो प्रभाव निहित होता है, उसके महत्व को अभी हमने पूरा- पूरा पहचाना नहीं है। लेकिन जब लोकमत हिंसापूर्ण और आक्रामक बन जाता है तब वह असहृ हो जाता है।
सार्वजनिक कार्यकर्ता
आधुनिक सार्वजनिक जीवन में ऐसी एक प्रवृत्ति रूढ़ हो गयी है कि जब तक कोई सार्वजनिक कार्यकर्ता अमुक व्यव्स्था- तंत्र के अंग की तरह अपना काम बखूबी करता हो तब तक उसके चरित्र की ओर दृष्टिपात न किया जाय। कहा जाता है कि चरित्र हर एक व्यक्ति की निजी वस्तु है, उसकी चिन्ता वही करेगा। मैंने लोगों को अक्सर इस मत का समर्थन करते हुए देखा है। लेकिन मुझे कभी उसका औचित्य समझ में नहीं आया, उसे अपनाना तो दूर रहा। जिन संस्थाओं ने अपने कार्यकर्ताओं के वैयक्तिक चरित्र को महत्व की वस्तु नहीं माना है, उन्हें अपनी इस नीति के भयंकर परिणाम भुगतने पडे़ हैं।
समय की पाबन्दी
हमारे नेता और कार्यकर्ता वक्त के पाबन्द बनें, तो राष्ट्र को उससे निश्चित लाभ्ा होगा। कोई आदमी वस्तुत: जितना काम कर सकता है, उससे ज्यादा करने की उससे आशा नहीं की जा सकती। दिनभर के काम के बाद भी अगर काम पूरा न हो, या अपना खाना छोड़कर अथवा नींद या आमोद- प्रमोद की उपेक्षा करके उसे काम करना पडे़, तो समझना चाहिये। कि कहीं- न- कहीं कोई अव्यवस्था जरूर है। मुझे तो इसमें कोई शक नहीं कि अगर हम अपने कार्यक्रम के अनुसार नियमित रूप से कार्य करने की आदत डालें, तो राष्ट्र की कार्य- क्षमता बढे़गी, अपने ध्येय की ओर हमारी प्रगति तेज गति से होगी और कार्यकर्ता ज्यादा तन्दुरूस्त और दीर्घजीवी होंगे।
घुड़दौड़
घोडो़ की परवरिश के लिए शर्त बदना और उसके बारे में लोगों को उत्तेजित करना बिलकुल अनावश्यक है। घुड़दौड़ की शर्त से मनुष्य के दुर्गुणों का पोषण होता है और अच्छी खेती के लायक जमीन तथा पैसे का बिगाड़ होता है। शर्त बदकर जुआ खेलने वाले अच्छे- अच्छे लोगों कासे मैंने पामाल और तबाह होते देखा है। ऐसे लोगों को किसने नहीं देखा है ? यह मौका पश्चिम के दुर्गुणों को छोड़कर उसके सद् गुण स्वीकार करने का है।
शरणार्थी
उन्हें नम्रता का पाठ का सीखना चाहिये, ऐसी नम्रता जिससे वे दूसरों के दोष देखने और उनकी टीका करने के बदले अपने दोष देख सकें। उनकी टीका कई बार बहुत कडी़ होती है, कई बार अनुचित होती है और कभी- कभी ही उचित होती है। अपने दोष देखने से इन्सान उपर उठता है, दूसरों के दोष निकालने से नीचे गिरता है। इसके सिवा दु:खी लोगों को सहयोगी जीवन की कला और उसमें रहने वाले गुणों को समझ लेना चाहिये। यह सीखते हुए वे देखेंगे कि सहयोग का घेरा बडा़ होता जाता है, जिससे उसमें सारे इन्सान समा जाते हैं। अगर दु:खी लोग इतना करना सीख जायं, तो उनमें से कोई अपने- आपको को एक मानेंगे और सुख्ा खोजने के बदले मनुष्यपात्र के कल्याण में ही अपना कल्याण देखेंगे। इसका मतलब कोई यह न करे कि आखिर में सबको एक ही जगह रहना होगा। यह हमेशा असंभव ही रहेगा। और जब लाखों का सवाल है। तब तो बिलकुल असंभव है। मगर इसका मतलब इतना जरूर है कि हर एक अपने को समुद्र में एक बूंद के समान समझकर दूसरे के साथ संबंध रखे; फिर भले ही दु: ख आ पड़ने से पहले सबके दरजे अलग- अलग रहे हों, किसी का नीचा रहा हो, किसी का उंचा, और सभी अलग- अलग प्रान्तों के हों। और फिर कोई ऐसा तो कह ही नहीं सकता कि मुझे तो फलां जगह पर ही रहना है। तब किसी को न तो अपने दिल में कोई शिकायत रहेगी और न कोई प्रकट रूप में शिकायत करेगा। ऐसी अच्छी व्यवस्था में वे अपंग या लाचार बनकर नहीं रहेंगे।
ऐसे सभी दु:खी खुद को दिया गया काम करेंगे और सभी खाने, पहनने और रहने का अच्छा इन्तजाम हो जायेगा। ऐसा करने से वे स्वावलंबी बनेंगे। स्त्री- पुरूष सभी एक- दूसरे को बराबर मानेंगे। कई काम तो सभी करेंगे, जैसे कि पाखाने साफ करना, कूडा़- करकट निकालना वगैरा। किसी काम को उंचा और किसी काम को नीचा नहीं माना जायेगा। ऐसे समाज में कोई अवारा, आलसी या निकम्मा नहीं रहेगा।
नदियां
गंगा और समुना नाम की इन दो नदियों के सिवा हमारे देश में और भी गंगायें और यमुनायें हैं, उनके वास्तविक नाम चाहे भिन्न हों। वे हमें उस त्याग की याद दिलाती हैं, जो कि जिस देश में हम रहते हैं उसके लिए हमें करना होगा। वे हमें उस शुद्धि की याद दिलाती हैं जिसके लिए हमें निरन्तर प्रयत्न करना चाहिये , ठीक वैसे ही जैसे नदियां स्वयं उसके लिए क्षण- प्रतिक्षण प्रयत्न करती हैं। आज के जमाने में तो इन नदियों से हम केवल वही काम लेना जानते हैं कि उनमें अपनी गंदी मोरियां बहावें और उनकी छाती पर अपनी नावें चलावें और इस प्रकार उन्हें और भी गंदा करें। हमारे पास इतना समय नहीं है कि… हम उनके पास जायें और ध्यानस्थ होकर उनका वह सन्देह सुनें, जो वे हमारे कानों में धीरे- धीरे गुनगुनाती हैं।
अनुक्रमणिका
- १. मेरे सपनो का भारत
- २. स्वराज्य का अर्थ
- ३. राष्ट्रवाद का सच्चा स्वरूप
- ४. भारतीय लोकतंत्र
- ५. भारत और समाजवाद
- ६. भारत और साम्यवाद
- ७. उद्योगवाद का अभिशाप
- ८. वर्गयुध्द
- ९. हड़ताल
- १०. मज़दूर क्या चुनेंगे?
- ११. अधिकार या कर्तव्य ?
- १२. बेकारी का सवाल
- १३. दरिद्र-नारायण
- १४. शरीर-श्रम
- १५. सर्वोदय
- १६. संरक्षता का सिद्धांत
- १७. अहिंसक अर्थ-व्यवस्था
- १८. सामान वितरण का रास्ता
- १९. भारत में अहिंसा की उपासना
- २०. सर्वोदयी राज्य
- २१. सत्याग्रह और दुराग्रह
- २२. किसान
- २३. गांवों की ओर
- २४. ग्राम-स्वराज्य
- २५. पंचायत राज
- २६. ग्रामोद्योग
- २७. सरकार क्या कर सकती है?
- २८. ग्राम-प्रदर्शनियां
- २९. चरखे का संगीत
- ३०. मिल-उद्योग
- ३१. स्वदेशी
- ३२. गोरक्षा
- ३३. सहकारी गो पालन
- ३४. गांवों की सफाई
- ३५. गांव का आरोग्य
- ३६. गांवों का आहार
- ३७. ग्राम सेवक
- ३८. समग्र ग्राम सेवा
- ३९. युवकों को आह्वान
- ४०. राष्ट्र का आरोग्य, स्वच्छता और आहार
- ४१. शराब और अन्य मादक द्रव्य
- ४२. शहरों की सफाई
- ४३. विदेशी माध्यम की बुराई
- ४४. मेरा अपना अनुभव
- ४५. भारत की सांस्कृतिक विरासत
- ४६. नई तालीम
- ४७. बुनियादी शिक्षा
- ४८. उच्च शिक्षा
- ४९. शिक्षा का आश्रमी आदर्श
- ५०. राष्ट्रभाषा और लिपि
- ५१. प्रान्तीय भाषायें
- ५२. दक्षिण में हिन्दी
- ५३. विद्यार्थियों के लिए अनुशासन के नियम
- ५४. भारतीय स्त्रियों का पुनरूत्थान
- ५५. स्त्रियों की शिक्षा
- ५६. संतति-नियमन
- ५७. काम-विज्ञान की शिक्षा
- ५८ (……..)
- ५९. साम्प्रदायिक एकता
- ६०. वर्णाश्रम धर्म
- ६१. अस्पृश्यता का अभिशाप
- ६२. भारत में धार्मिक सहिष्णुता
- ६३. धर्म – परिवर्तन
- ६४. (…)
- ६५. प्रान्तों का पुनर्गठन
- ६६. अल्पसंख्यकों की समस्यायें
- ६७. भारतीय गवर्नर
- ६८. समाचार-पत्र
- ६९. शान्ति सेना
- ७०. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- ७१. भारत पाकिस्तान और काश्मीर
- ७२. भारत में विदेशी बस्तियां
- ७३. भारत और विश्वशांति
- ७४. पूर्व का संदेश
- ७५. स्फूट वचन
